टब में गिरकर डेढ़ साल के बच्चे की मौत
नगीना। पानी से भरे प्लास्टिक के टब में गिरने से एक व्यापारी के डेढ़ वर्षीय पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मोहल्ला अकाबरान में शानू शमशी ने प्लास्टिक के सामानों व क्राकरी की दुकान कर रखी है। दुकानों के ऊपर बने मकान में वह परिवार संग रहता है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शानू की पत्नी रसोई में कार्य कर रही थी। तभी उनका डेढ़ वर्षीय पुत्र रुहान घर में खेलते-खेलते बाथरूम में पानी से भरे प्लास्टिक के टब में जा गिरा। मां को काफी देर तक बच्चे की आवाज सुनाई नहीं दी तो उसने बाथरूम में जाकर देखा, वहां बालक टब में पड़ा हुआ था। महिला के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बालक को चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया।