स्योहारा। डीआईजी के आदेश पर दहेज उत्पीड़न व छेड़छाड़ पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम निवासी महिला ने डीआईजी मुरादाबाद को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका विवाह 10 मई 2024 को हनी राजपूत निवासी टीचर कॉलोनी स्योहारा से हुआ था। शादी में उसके माता-पिता ने कार के लिए 10 लाख रुपये और 10 लाख रुपये नकद सहित काफी दहेज दिया, लेकिन ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और पांच लाख रुपये अतिरिक्त मांगने लगा। पीड़िता का आरोप है कि ननदोई प्रिंस चौहान उस पर बुरी नजर रखता था और छेड़छाड़ करता था। दो नवंबर 2025 को उसने जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। शिकायत करने पर पति, सास और ससुर ने उल्टा उसे ही बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िता ने ससुर पर भी अश्लील हरकत का आरोप लगाया है। महिला का यह भी आरोप है कि पति उससे अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाता था और विरोध करने पर मारपीट करता था। एक पुत्री के जन्म के बाद उत्पीड़न और बढ़ गया। तीन नवंबर 2025 को महिला के पिता और रिश्तेदारों से भी गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी गई। डीआईजी के आदेश पर स्योहारा पुलिस ने पति, ससुर, सास, ननदोई और ननदोई के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।