नींदडू़ में विकास कार्य नहीं कराने और गांव को विधानसभा क्षेत्र धामपुर में शामिल किए जाने की मांग को लेकर ग्रामवासियों ने प्रदर्शन करते हुए मतदान का बहिष्कार किया। एसडीएम द्वारा समझाने और उनकी मांग पर गंभीरता पूर्वक विचार के आश्वासन पर अपराह्न 3.50 बजे मतदान शुरू हुआ।
बुधवार को विधानसभा क्षेत्र 21 नहटौर के अंतर्गत आने वाले गांव शेखपुरा पित्था में मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया। गांव में चौहान व दलित समाज के लोग रहते हैं और 427 पंजीकृत मतदाता है। बहिष्कार के कारण का पता लगाने गए पत्रकारों को प्रदर्शन व बहिष्कार कर रहे ग्रामीण हरपाल सिंह, जसवंत सिंह, हितेश कुमार, भानुप्रताप, जितेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, रामपाल सिंह, सरजीत सिंह, जयपाल सिंह, मनोज चौहान, महिपाल सिंह, रामचंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह, कृष्ण कुमार, करण सिंह, घासीराम, सतीश कुमार तथा दिग्विजय सिंह आदि ने बताया कि 2012 के चुनाव के लिए हुए नए परिसीमन में उनके गांव शेखपुरा पित्था को विधानसभा क्षेत्र धामपुर से काटकर विधानसभा क्षेत्र नहटौर में शामिल किया गया है। जनप्रतिनिधि द्वारा गांव में विकास कार्य कराना तो दूर, पांच वर्ष में एक बार भी गांव की ओर पलट कर नहीं देखा। मिलने गए ग्रामीणों से यह पूछा गया, 'शेखपुरा पित्था कहां है? ग्रामवासी शेखपुरा पित्था को विधानसभा क्षेत्र 20-धामपुर में सम्मिलित कराना चाहते हैं। अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाने के लिए मतदान का बहिष्कार किया गया है। ग्रामवासी द्वारा वोट डालने नहीं आने पर पीठासीन अधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को सूचना दी। मतदान अधिकारी रूपेश कुमार के मुताबिक सवेरे एक मतदाता द्वारा वोट डालने के बाद ग्रामीण वोट डालने नहीं पहुंचे थे।
मतदान केंद्र पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट तहसीलदार सुरेश कुमार व खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार की बात नहीं मानने पर उन्होंने उच्च अधिकरियों को प्रकरण की जानकारी दी। दोपहर बाद मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सतेंद्र कुमार सिंह व सीओ अशोक कुमार यादव ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, तब कहीं 3.50 बजे अपराह्न मतदान आरंभ हुआ।
फर्जी मतदान करता युवक गिरफ्तार
अफजलगढ़ में मुहल्ला नेजो सराय में सुरक्षा बल ने फर्जी मतदान के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसके खिलाफ लोगों ने हंगामा किया, लेकिन पुलिस उसे पकड़कर कोतवाली ले गई। बुधवार को केंद्र पर एक युवक किसी अन्य की पर्ची पर मतदान करने लगा। पोलिंग पार्टी ने आरोपी की पर्ची की जांच की तो वह पकड़ में आ गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम असरान मुहल्ला नेजो सराय बताया। उसने बताया कि वह राशिद पुत्र इमामुद्दीन की पर्ची लेकर मतदान करने आया था। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। वहीं युवक की गिरफ्तारी के विरोध में मतदाताओं ने जमकर हंगामा किया। उनकी पुलिस से झड़प भी हुई, लेकिन पुलिस ने किसी की एक नहीं सुनीं। उधर, कोतवाल राजकुमार शर्मा का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई होगी।
प्रधान और ग्रामीणों में हुई नोकझोंक
हल्दौर में अमहेड़ा के ग्रामवासियों में दोपहर में इस सूचना पर आक्रोश पैदा हो गया कि वर्तमान प्रधान द्वारा वोट डालने जा रहे मतदाताओं को फाटक के निकट खड़े होकर बसपा के समर्थन में वोट देने केेे कहा जा रहा है। लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान प्रधान से नोकझोंक भी हुई। सूचना मिलने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट डा. अखिलेश कुमार राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्राम प्रधान को हड़काया। इससे ग्रामवासी शांत हो गए। उधर, राजा हरवंश सिंह इंटर कॉलेज में वोटरों के पास वोट की पर्ची न होने पर परेशानी का सामना करना पड़ा। भाजपा नगर अध्यक्ष दर्पण रावल व पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल सिंह व हंसराज राजपूत ने मौके पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट से बीएलओ के मतदान स्थल पर बैठे होने पर पर्ची न मिलने की शिकायत की। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने तुरंत बीएलओ को मतदान स्थल के बाहर व्यवस्था के दिशा निर्देश दिए। गांव फड़ियापुर की कमलेश देवी, मोनिका, पूजा ,रूपा आदि का आरोप है कि उनके वोटर लिस्ट में वोट न होने पर करीब 50 वोटर वोट डालने से वंचित रह गए।