यूक्रेन और रोमानिया में फंसे छात्रों के घर पहुंचे अधिकारी
नजीबाबाद। यूक्रेन और रोमानिया में फंसे मेडिकल विद्यार्थियों के परिजनों से संपर्क कर एसडीएम और सीओ ने उनकी सकुशल भारत वापसी के प्रयासों की जानकारी दी।
एसडीएम मनोज कुमार सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने यूक्रेन में फंसे मेडिकल विद्यार्थियों के परिजनों से मंगलवार रात घर पहुंचकर बात की। प्रशासन ने मेडिकल छात्रा सिमरन खान, मोहम्मद जैदी, माज हसन, मोहम्मद उमर, मोहम्मद मोनिस, दिव्यांशी, विनय चौधरी, अंकित केसले के परिजनों से यूक्रेन और रोमानिया में फंसे विद्यार्थियों के बारे में जानकारी की।
यूरेशिया कंपनी के डॉ.मसरूर के परिजनों से भी संपर्क किया गया। यूक्रेन से सबसे पहले लौटी रेलवे कॉलोनी की मेडिकल की तृतीय वर्ष की छात्रा गुलशमा और उसके परिजनों से भी प्रशासनिक अधिकारियों ने जानकारी की। एसडीएम और सीओ ने मेडिकल विद्यार्थियों के अभिभावकों का ढांढस बंधाया। परिजनों को जिला प्रशासन और भारत सरकार द्वारा सभी मेडिकल विद्यार्थियों के सकुशल घर वापसी के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
17 विद्यार्थी प्रशासन ने किए चिह्नित
नजीबाबाद। यूक्रेन के विभिन्न क्षेत्रों में नजीबाबाद तहसील के 17 मेडिकल विद्यार्थी प्रशासन ने चिह्नित किए हैं। इनमें किरतपुर ब्लॉक के मोहम्मद आदिल, मोहम्मद शाद और शारिबा जिया भी शामिल हैं।