बिजनौर। जनपद में गैर मान्यता वाले कई विद्यालय संचालित हो रहे हैं। ऐसे विद्यालयों की धरपकड़ के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी क्षेत्र में उतर गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी से गैर मान्यता संचालित विद्यालयों की शिकायत की गई थी। सीडीओ के निर्देश पर बेसिक व माध्यमिक विभाग के अधिकारियों ने ऐसे स्कूलों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है।
जनपद में पांचवीं, आठवीं की मान्यता प्राप्त कर कई विद्यालयों में आगे की कक्षाएं संचालित है। ऐसे विद्यालयों के संचालक अपनी मान्यता से ऊपर के छात्रों को पढ़ाते अपने स्कूल में है, लेकिन उनका नामांकन दूसरे किसी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में करा देते हैं। अधिकारियों की छत्रछाया और विद्यालयों के आपसी तालमेल से यह कारोबार फल फूल रहा है। अभिभावक भी विद्यालय दूर होने और खर्च कम के लालच में अपने बच्चों का ऐसे विद्यालयों में प्रवेश करा देते हैं।
विगत दिनों एक व्यक्ति ने मुख्य विकास अधिकारी से गैर मान्यता के संचालित विद्यालयों की शिकायत की थी। उनके निर्देश के बाद गैर मान्यता के संचालित विद्यालयों की तलाश आरंभ हो गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयकरन यादव ने बताया कि उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से विद्यालयों की जांच कराई थी। अब फिर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्र के विद्यालयों की जांच कर जांच आख्या प्रस्तुत करें। बिना मान्यता के एक भी स्कूल संचालित नहीं होने दिया जाएगा।