नजीबाबाद के संपूर्ण समाधान दिवस में समस्याएं सुनते डीएम और एसपी।
- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद। डीएम ने अधिकारियों को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों पर पैनी निगाह रखने और संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम उमेश मिश्रा ने एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह, पीडी जीपी तिवारी, सीएमओ डॉ. विजय गोयल की उपस्थिति में फरियादियों की शिकायतें सुनी। डीएम ने मानसून सीजन को देखते हुए अधिकारियों से अलर्ट रहने, नदियों से होने वाले कटान और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों पर निगाह रखने के निर्देश दिए। एसडीएम विजय वर्धन तोमर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, तहसीलदार प्रीति सिंह के नेतृत्व में ड्वाकरा हॉल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 17, पुलिस और विकास विभाग की 11-11 शिकायतों सहित 48 शिकायतों की सुनवाई की गई। चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
डीएम ने उप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन राधा समूह की बौरकी निवासी कविता ठाकुर को प्रथमा बैंक लालूवाला की शाखा प्रबंधक चित्रा नौटियाल, फील्ड ऑफिसर स्वाति द्वारा प्रदत्त तीन लाख रुपये का कारोबार के लिए चेक प्रदान किया। चेयरपर्सन पति पूर्व चेयरमैन मोअज्जम खां एड. ने नगर के जल भराव समस्या से निपटने के लिए प्रस्तावित नाला निर्माण में आ रही बाधाओं के संबंध में डीएम से चर्चा की। संपूर्ण समाधान दिवस में उपायुक्त स्वत: रोजगार ज्ञान सिंह, सीएमओ डॉ.विजय कुमार गोयल, लोनिवि एक्सईएन योगेंद्र कुमार सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।