- जिला मुख्यालय पर सड़कों के गड्ढों से लोग परेशान
- शहर में बिजनौर कोतवाली मार्ग, चक्कर रोड और बस स्टैंड के पास गड्ढों की भरमार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिला मुख्यालय पर सड़कों की हालत ऐसी हो चुकी है कि सावधनी हटी और दुघर्टना घटी। दरअसल, सड़कों के गड्ढों में राहगीर झटके खा रहे हैं। कमाल यह है कि ये ऐसी सड़के हैं, जहां से रोजाना कई अफसर अपनी गाड़ियां लेकर निकलते तो हैं, लेकिन किसी कि इन गड्ढों पर नजर नहीं पड़ती।
बिजनौर से कोतवाली मार्ग यूं तो नेशनल हाईवे के अधीन है, लेकिन जिला मुख्यालय पर इस सड़क की हालत बदतर हो चुकी है। शक्ति चौराहे से रेलवे फाटक की तरफ बढ़ते ही थाने के आस पास सड़क में गहरे गहरे गड्ढे हादसों को न्यौता दे रहे हैं। इन गड्ढों पर अगर वाहन चालक की नजर नहीं पड़े तो जोर का झटका लगता है। बाइक सवार इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। गड्ढों को भरने के लिए कोई स्थाई समाधान नहीं किया गया।
इसके अलावा चक्कर रोड पर काली माता मंदिर के आस पास सड़क में गहरे गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिन पर अफसरों की नजर पड़ती ही नहीं। इस सड़क पर सिंचाई विभाग नहर खंड के पीछे एक बेहद गहरा गड्ढा बना हुआ है। साथ ही ज्ञान विहार के सामने भी सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिन्हें भरने के लिए अफसर बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं।
उधर जिला मुख्यालय पर डीएम कंपाउंड से चंद कदमों की दूरी पालिका चौराहे से जजी रोड में रोडवेज बस स्टैंड के सामने गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बता दें कि बरसात ने भी सड़कों की हालत बिगाड़ कर रख दी है। जिला मुख्यालय समेत अन्य जगहों पर भी सड़क टूटी हुई हैं।
बिजनौर कोतवाली मार्ग पर थाने के आस पास के गड्ढों को भरवाने के लिए नेशनल हाईवे के अधिकारियों से कहा गया है। बस स्टैंड के पास वाली सड़क उनकी नहीं है। बाईपास मार्ग के गड्ढों को भरने के लिए कल से ही काम चालू कर दिया जाएगा। - एसके राव, अधिशासी अभियंता, लोनिवि