संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। आम जनता तो दूर यहां तो माननीय ही परेशान हैं। विधायक मनोज पारस के आवास तक जाने वाला रास्ता पथरीला है। विधायक मनाेज पारस आंबेडकर नगर में रहते हैं। पानी की पाइपलाइन डालने के लिए सड़क तोड़ी गई थी, जो एक सप्ताह बाद भी ठीक नहीं हुई। विधायक का कहना है कि जल निगम के अधिकारी ने उनका फोन तक नहीं उठाया।
जनता की समस्याओं के समाधान कराने की दुहाई देने वाले जनप्रतिनिधि ही बेबस नजर आ रहे हैं। स्थानीय विधायक मनोज पारस का आवास व कैंप कार्यालय नगर के मोहल्ला आंबेडकर नगर में स्थित है। जल निगम के ठेकेदार ने पानी का पाइपलाइन डालने के नाम पर आंबेडकर नगर मार्ग पर सड़क के बीच में गहरे गड्ढे खुदवाए गए थे।
एक सप्ताह पहले पाइपलाइन डालने के बाद कर्मचारियों ने गड्ढों को सही बंद नहीं किया। इससे राहगीर रोजाना दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। आंबेडकर नगर मार्ग बाइपास के रूप में भी इस्तेमाल होता है। इससे पूरे दिन इस मार्ग पर हर तरह के वाहनों का भारी आवागमन रहता है।