बिजनौर। पुलिस के डायल 112 के प्रचार प्रसार के लिए शुक्रवार को शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस अफसरों ने लोगों को जागरुक करते हुए कहा कि किसी भी परेशानी में 112 डायल करें। यूपी 112 की सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
शुक्रवार को शक्ति चौक स्थित एसआरएस मॉल के परिसर में पुलिस की ओर से स्टॉल लगाया गया। एसपी दिनेश सिंह, एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह और सीओ सिटी ने इस स्टॉल का निरीक्षण करते हुए लोगों की जिज्ञासाओं को भी शांत किया। उन्होंने बताया कि किसी भी परेशानी में 112 नंबर डायल करें। कुछ ही मिनट में पुलिस आपके पास पहुंच जाएगी। बता दें कि अभी तक केवल 40 प्रतिशत लोग ही यूपी 112 की सेवा ले रहे हैं। बाकी लोग सीधे थाने पहुंचकर या थाने में फोन करते हैं। जबकि डायल 112 पर फोन करते ही दस से पंद्रह मिनट में पुलिस पहुंच जाती है। लोग ज्यादा से ज्यादा इस सेवा का इस्तेमाल करें, इसके लिए स्टॉल लगाकर जागरूक किया गया। इस दौरान निरीक्षक रजी अहमद भी मौजूद रहे।