अवरोधी परिवार टीकाकरण में बन रहे दीवार
बिजनौर। जिले के काफी परिवार कोरोना से बचाव के लिए न तो खुद टीकाकरण कर रहे हैं और न ही दूसरों को करने दे रहे हैं। ऐसे परिवारों को अवरोधी परिवार नाम दिया गया है। इन लोगों का टीकाकरण कराने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान, वार्ड मेंबर, आशा व राशन डीलरों को दी गई है। अगर फिर भी ये टीकाकरण नहीं कराते हैं तो तहसीलदार व एसडीएम इनकी काउंसिलिंग करेंगे।
कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अब भी जारी है। जिले में अब तक 74 प्रतिशत से अधिक लोगों को पहली डोज लग चुकी है। टीकाकरण के लिए अब घर-घर जाकर लोगों को चिह्नित किया जा रहा है और वोटर लिस्ट के आधार पर देखा जा रहा है कि कितने लोग टीकाकरण से छूट गए हैं। इस सर्वे में यह बात भी सामने आ रही है काफी लोग बार-बार कहने के बाद भी टीकाकरण नहीं करा रहे हैं। ये लोग दूसरे लोगों का टीकाकरण नहीं होने दे रहे हैं। ऐसे लोगों को अवरोधी परिवार नाम दिया गया है। इन परिवारों के टीकाकरण की जिम्मेदारी आशा, आंगनबाड़ी, प्रधान और राशन डीलर को दी गई है। ये इन परिवारों को समझा बुझाकर इनका टीकाकरण कराएंगे। अगर ये इन परिवारों को समझाने में विफल हो जाते हैं तो फिर संबंधित तहसीलदार या एसडीएम इन लोगों की काउंसिलिंग कराकर टीकाकरण कराएंगे। जिले में करीब ढाई हजार गांव हैं। इन गांवों में से 471 गांव संतृप्त हो चुके हैं। इन गांवों में 90 प्रतिशत से अधिक लोगों ने टीकाकरण करा लिया है। बाकी गांवों को भी जल्द से जल्द संतृप्त करने की कोशिश की जा रही हैं।
जरूर कराएं टीकाकरण
टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ.अशोक कुमार के अनुसार कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण ही विकल्प है। जनता को यह बात समझनी चाहिए। सभी अपना टीकाकरण जरूर कराएं।
जिले में टीकाकरण पर एकनजर
ब्लॉक लक्ष्य पहली डोज दूसरी डोज
बिजनौर शहर 89231 111494 55360
धामपुर 226308 178412 92937
चांदपुर 247350 194547 91131
नूरपुर 235078 179419 86245
कोतवाली 353857 260167 105826
नहटौर 175651 128082 76372
अफजलगढ़ 189957 137355 61051
हल्दौर 211185 151867 75968
चंदक 202049 143396 90447
स्योहारा 204587 142944 64500
किरतपुर 170581 115387 67846
नजीबाबाद 346786 225599 90765
कुल 2652619 1968669 958448