धामपुर ब्लॉक में पंचायती राज विभाग द्वारा कंटेंटमेंट जोन बनाते कर्मचारी।
- फोटो : BIJNOR
अब गांवों में भी बन रहे कंटेनमेंट जोन
बिजनौर। गांवों की ओर बढ़ते कोरोना संक्रमण में चिंता बढ़ा दी है। जिन गांवों में कोरोना संक्रमण के मामले मिल रहे हैं, वहां प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन बनाने शुरू कर दिए हैं। बाहरी लोगों का प्रवेश रोकने के लिए बांस बल्ली लगाई जा रही है। निगरानी समिति मास्क लगाने व कोरोना से बचाव के लिए जागरूक कर रही है। गांवों की साफ-सफाई की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप से ली जाएगी।
प्रशासन गांवों में कोरोना के मामले सामने आने के बाद सतर्क हो गया है। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि पंचायती राज विभाग ने ऐसे गांवों को चिह्नित कर लिया है। प्रभावित क्षेत्र में बांस बल्ली लगाकर बाहरी लोगों की आवाजाही रोकी जा रही है। मोहल्लों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है। बताया कि निगरानी समिति कोरोना प्रभावित के घर पर निगाह रखेगी। समिति यह देखेगी कि प्रभावित व्यक्ति होम आइसोलेशन में है या नहीं है। यदि ऐसा व्यक्ति घर से बाहर घूमता मिलता है तो उसकी सूचना प्रशासन को देगी। कहा कि निगरानी समिति को गांव की स्थिति की रोजाना जानकारी देनी है। समिति ग्रामीणों को मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के लिए जागरूक करने में लगी है। जगह जगह दीवारों पर चेतावनी लिखी जा रही है।
गांवों में दो दिन विशेष सफाई अभियान
बिजनौर। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि जिले की 1123 पंचायतों में ढाई हजार से अधिक गांव है। गांवों में कोरोना से बचाव के लिए हर सप्ताह शनिवार व रविवार को विशेष सफाई अभियान चलेगा। सहायक विकास अधिकारी अभियान के प्रभारी बनाए गए हैं। बताया कि गांव के गली मोहल्लों की साफ-सफाई होगी। नालियों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव होगा। ग्रामीणों को घरों के आसपास सफाई को जागरूक किया जाएगा। यदि कोई ग्रामीण गंदगी फैलाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। एडीओ अभियान की रिपोर्ट डीपीआरओ दफ्तर को देंगे। पंचायतों का रेंडम चेकिंग होगी। बताया कि पंचायतों में साफ सफाई आदि की जानकारी देने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बने हैं। जिनमें गांव के युवाओं को जोड़ा गया है। युवक ग्रुप से जुड़ने के लिए पंचायत सचिव से संपर्क करें। युवक साफ सफाई व कर्मचारियों के नहीं आने की जानकारी डीपीआरओ को दें।