धामपुर। प्रदेश सरकार की ओर से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के अंतर्गत बिजनौर के सभी ग्राम सचिव लैपटॉप से लैस किए जाएंगे। इससे सचिवों की कार्य करने की क्षमता में और निखार होगा। जनता के काम समय से पूरे होने से उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
उत्तर प्रदेश पंचायत राज विभाग की उपनिदेशक प्रवीणा चौधरी ने प्रदेश के सभी जिला पंचायत राज अधिकारियों को लैपटॉपों की आपूर्ति कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। बिजनौर जिले में 80 ग्राम पंचायत सचिवों को लैपटॉप मिलेंगे। एडीओ पंचायत नसीम अहमद ने बताया कि अब ग्राम पंचायत सचिवों को सरकारी कार्य करने में कोई परेशानी नहीं होगी। सरकार की ओर से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत लैपटॉपों को उपलब्ध कराया जाएगा। जिसके आदेश प्राप्त हो गए है। अब तक लैपटॉपाें के न होने से उन्हें सरकारी कार्य करने में दिक्कत हो रही थी।
जन सेवों केंद्रों पर ग्रामीणों की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत किए जाने वाले ऑनलाइन फार्माें को समय से सत्यापित करना मुश्किल हो रहा था। ब्लाॅक से जारी होने वाले विभिन्न प्रमाणपत्रों का सत्यापन समय से होगा। सरकारी योजनाओं का भी लोगों को समय से लाभ मिल सकेगा। बताया गया कि सरकार की ओर से प्रदेश में करीब 1887 लैपटॉप की आपूर्ति होगी। जबकि इनमें से 80 लैपटॉपों की आपूर्ति बिजनौर जिले में होगी।
- जैसे ही मिलेंगे, तुरंत वितरण करा दिया जाएगा
अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही ब्लाॅक में लैपटॉपों की आपूर्ति होगी तो विभाग की ओर से तुरंत ब्लाक प्रमुख के माध्यम से संबंधित सचिवों को वितरण करा दिया जाएगा। इन लैपटॉपों को जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदा जाएगा।