अब बैंक में जाकर मशीन में जमा करें नगदी
बिजनौर। अब बैंक में जाकर रुपये जमा करने के लिए लाइन में लगने, वाउचर भरने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ताओं के रुपये अब मशीन भी जमा कर रही हैं। कुछ बैंकों में कैश डिपोजिट मशीन लगाई गई हैं। उपभोक्ता इन मशीनों में रुपया जमा करने भी लगे हैं।
बैंक में रुपया जमा करने को भी डिजिटल किया जा रहा है। एसबीआई ने काफी पहले ग्रीन चैनल से रुपये जमा करने की शुरूआत की थी। तब उपभोक्ता वाउचर नहीं भरते थे और ग्रीन चैनल पर खाते व नोट की जानकारी भरते थे। अब बैंक इससे भी ज्यादा आधुनिक हो रहे हैं। बैंकों में कैश डिपोजिट मशीन लगवाई जा रही हैं। यानि अब बैंक कर्मचारी के पास जाए बिना भी उपभोक्ता मशीन से पैसे जमा कर सकते हैं। बिजनौर में एसबीआई की मुख्य शाखा में यह मशीन सबसे पहले लगी थी, लेकिन वह काफी समय से खराब पड़ी है। इस समय जिला मुख्यालय पर सिविल लाइन स्थित पीएनबी शाखा, यूनियन बैंक व आईसीआईसीआई बैंक में कैश डिपोजिट मशीन चल रही है। यह मशीन उपभोक्ताओं के पैसे जमा कर रही हैं। अग्रणी जिला प्रबंधक जोगिंदर कुमार ग्रोवर के अनुसार बैंकों में कैश डिपोजिट मशीन लग रही हैं। उपभोक्ता इन मशीन का उपयोग भी कर रहे हैं। यह पैसा जमा करने का सुरक्षित तरीका है।
ऐसे जमा होते हैं पैसे
जिस बैंक में मशीन लगी होती है उसी बैंक की शाखा का पैसा उसमें जमा होता है। सबसे पहले खाता नंबर डाला जाता है। मशीन में खाताधारक का नाम आने पर करेक्ट पर क्लिक किया जाता है। इसके बाद मशीन का एक स्लॉट/खाना खुलता है। इसमें रुपये रख दिए जाते हैं। मशीन रुपये गिनकर उसकी डिटेल देती है। रुपया जमा करने के बाद स्लिप मिल जाती है। कुछ बैंकों में नोट की डिटेल देनी होती है और दो हजार व 500 रुपये के ही नोट जमा होते हैं। कैश डिपोजिट मशीन में एक बार में अधिकतम दो लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं। मशीन केवल दो हजार, 500 व 100 रुपये के नोट ही फिलहाल जमा कर रही है। एक दिन में कितनी भी बार रुपये जमा कर सकते हैं।