अब डेढ़ सौ की बजाय रोजाना 36 लाइसेंस ही बनेंगे
बिजनौर। कोरोना संक्रमण को लेकर शासन ने फिर से जिले में बनने वाले स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लक्ष्य को घटा दिया है। अब एक दिन में इसका लक्ष्य 150 से घटाकर मात्र 36 कर दिया है।
कोरोना संक्रमण महामारी शुरू हुए एक साल बीत चुका है। तब से लेकर अब तक सिस्टम पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौटा है। सामान्य दिनों में एआरटीओ कार्यालय में प्रतिदिन 300 ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जाते थे। कोरोना महामारी फैलने के कारण पिछले साल इस पर पाबंदी लगा दी गई है। एक जून से फिर से कुछ छूट के साथ एआरटीओ कार्यालयों में लाइसेंस बनाने का काम शुरू किया गया था। इसके बाद अब फिर से जनपद में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की रफ्तार पर फिर से ब्रेक लगा दिया गया है। अभी तक जनपद में रोजाना 150 स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा रहे थे। एआरटीओ प्रशासन शिव शंकर सिंह ने बताया कि अब फिर से कोरोना के संक्रमण को देखते हुए रोजाना का लक्ष्य घटा दिया गया है। शासन ने जिले को रोज 36 स्थायी लाइसेंस जारी करने के निर्देश दिए हैं। लर्निंग लाइसेंस के लिए अभी पुराना लक्ष्य ही निर्धारित रहेगा।