- 10 दिनों में श्रद्धालुओं से धार्मिक संरचनाओं के प्रमाण मांगे गए हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
कालागढ़। वनों में धार्मिक संरचनाओं को अवैध अतिक्रमण के तहत हटाने की कार्रवाई को लेकर वन विभाग ने दावा पत्र मांगने के लिए नोटिस चस्ता किए हैं। 10 दिनों में श्रद्धालुओं से धार्मिक संरचनाओं के प्रमाण मांगे गए हैं।
कार्बेट टाइगर रिजर्व/नेशनल पार्क के वनों में अतिक्रमण कर बनाई गई धार्मिक संरचनाओं को हटाने का कार्य चल रहा है। कालागढ़ रेंज के अंतर्गत वनों के अंदर लोगों की आस्था के केंद्र मौजूद हैं। लंबे समय से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां जाकर पूजा-पाठ करते हैं। कालागढ़ के वनों में दो संरचनाओं को वन विभाग ने चिह्नित किया है। कालागढ़ के वन क्षेत्राधिकार राकेश कुमार भट्ट ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेशों के पालन में दो संरचनाओं पर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वह इन धार्मिक स्थलों के दावा प्रमाणपत्र कार्यालय में जमा कर दें। दावा जमा करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। बाद में जैसा उच्च अधिकारियों का आदेश होगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर कालागढ़ की जनता धार्मिक स्थलों को यथावत बनाए रखने की मांग कर रही है।