- 18 अध्यक्ष और 293 सभासद पदों पर साफ हो जाएगी चुनावी नतीजों की तस्वीर
- पांच मतगणना स्थलों में 251 मेजों पर की जाएगी मतों की गिनती
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले की 12 नगर पालिकाओं और छह नगर पंचायतों में हुए निकाय चुनाव की आज मतगणना होगी। इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी और ड्रोन की निगरानी में मतगणना की जानी है। चुनावी नतीजों के साथ ही शहरों को नई सरकार मिल जाएगी।
जिले में पांच जगहों पर मतगणना होनी है। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी, जो नतीजों के आने तक होनी है। बता दें कि पांचों मतगणना स्थलों में 251 मेज लगी हैं, जिन पर वोटों की गिनती होगी। एक मेज पर तीन कर्मी मतों की गिनती करेंगे, एक सुपरवाइजर होगा जबकि एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी मौजूद रहेगा। यानि एक मेज पर पांच कर्मियों की ड्यूटी लगी है।
मतगणना के लिए तैयारियों को शुक्रवार दोपहर तक ही पूरा कर लिया गया था। सवेरे ही एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह और सीओ सिटी अनिल कुमार ने आरजेपी इंटर कॉलेज पहुंचकर बल्लियां लगवाने का काम किया। बैरिकेडिंग के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एएसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल ने केएम इंटर कॉलेज धामपुर में स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। मतगणना के चलते जरूरी दिशा निर्देश दिए। एएसपी देहात राम अर्ज ने गुलाब सिंह डिग्री कॉलेज चांदपुर में बने स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग से लेकर अन्य सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और निर्देश दिए।
नहीं निकाल सकेंगे विजय जुलूसजिले के 18 निकायों में कौन अध्यक्ष बनेगा, यह मतगणना के नतीजों के साथ ही तय हो जाएगा। इन 18 निकायों के 292 वार्डों में सभासदों की ताजपोशी होगी। अध्यक्ष ही नहीं बल्कि सभासद पद के लिए भी चुनाव में काफी घमासान रहा। अब नतीजों के साथ ही अटकलों पर भी विराम लग जाएगा। पुलिस ने साफ कर दिया है कि जीत के बाद कोई भी विजेता उम्मीदवार या उनके समर्थक विजय जुलूस नहीं निकाल पाएंगे। एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि जिले में धारा 144 लागू है। ऐसे में चार से अधिक लोगों को भी एक जगह पर इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा।
कड़ी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
जिले के पांचों मतगणना स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। पुलिस के साथ-साथ एक कंपनी आईटीबीपी और एक कंपनी, दो प्लाटून पीएसी भी तैनात रहेगी। आईटीबीपी की कंपनी शुक्रवार को बिजनौर पहुंची। आईटीबीपी के अधिकारियों का एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह और सीओ सिटी अनिल कुमार ने बुके देकर स्वागत किया।
पुलिस तैनाती पर एक नजर
एएसपी तीन
सीओ 9
निरीक्षक 28
दरोगा 186
सिपाही 1500