-वित्त विहीन विद्यालयों ने मनवाया प्रतिभा का लोहा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर के परीक्षाफल में वित्त विहीन विद्यालयों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जबकि राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय मेरिट सूची का पाला भी नहीं छू सके। केवल मूर्ति देवी कन्या इंटर कालेज की एक छात्रा ही जिले की हाईस्कूल टाप टेन मेरिट सूची में जगह बना सकी है। जबकि इंटर की मेरिट सूची में कोई छात्र नहीं है।
जिले में 36 राजकीय इंटर कालेज तथा 74 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय व 287 वित्त विहीन विद्यालय संचालित हैं। वित्त विद्यालयों को शासन से किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता नहीं मिलती है। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर के परीक्षाफल में वित्त विहीन विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
जिले की हाईस्कूल की टाप टेन मेरिट सूची में 21 छात्र छात्राएं है। इनमें 20 छात्र छात्राएं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेजों व वित्त विहीन विद्यालयों के है। मात्र एक छात्रा अशासकीय सहायता प्राप्त बालिका इंटर कालेज की है। इंटर की जिला टाप टेन मेरिट सूची में 15 छात्र छात्राएं शामिल हैं। ये सभी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेजों व वित्त विहीन विद्यालयों के है। राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का एक भी छात्र मेरिट सूची में नहीं है।