- बैठक में तालाबों, नालों की सफाई समेत पांच प्रस्तावों पर चर्चा हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर। नगरपालिका के नवनिर्वाचित बोर्ड की प्रथम बैठक में बजट, तालाबों, नालों की सफाई समेत पांच प्रस्तावों पर चर्चा हुई, लेकिन बोर्ड के सभासदों द्वारा प्रस्तावों पर सहमति नहीं बनने पर कोई प्रस्ताव पारित नहीं हो सका।
पालिका सभाकक्ष में सोमवार को 11 बजे बोर्ड की बैठक में आगामी अनुमानित बजट पर विचार किया गया, राज्य वित्त आयोग/ निकाय की धनराशि से छोटे बड़े नालों की सफाई, तालाबों की तलछट सफाई , नगर प्रकाश व्यवस्था पर चर्चा की गई। उक्त पांचों प्रस्तावों पर अधिकांश सभासदों की सहमति नहीं बन पाई और कोई प्रस्ताव पारित नहीं हो सका।
बैठक में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार, चेयरपर्सन विमला देवी सहित नगर के सभी 25 वार्डों के सभी महिला व पुरुष सभासद मौजूद रहे। पालिका अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि बैठक में पांच प्रस्ताव रखे गए थे। जिन पर चर्चा हुई। 19 सभासदों ने प्रस्तावों के विपक्ष में अपना मत दिया। जबकि मात्र छह सभासद पक्ष में रहे। जिस कारण कोई प्रस्ताव पास नहीं हो सका।
बैठक में पालिका अधिशासी अधिकारी चौधरी राजीव कुमार ने कहा कि बैठक के दौरान उक्त सभी पांच प्रस्तावों पर सहमति नहीं बनी। इस अवसर पर बाहर आलम, संगीता देवी, मोहम्मद गुलफाम, खिलेंद्र सिंह, नसीमा आदि समेत 25 सभासद, पालिका कर्मचारी अजय शर्मा, अरुण कुमार, अंकित कुमार, मोहम्मद नौशाद आदि मौजूद रहे।
सीसीटीवी कैमरे चालू कराने की मांग
नगर पालिका के कुछ सभासदों ने ईओ को मांग पत्र दिया। मांग पत्र में कहा गया है नगर पालिका कार्यालय के सभी सीसीटीवी कैमरे चालू कराये, बोर्ड की बैठक में वेतन और डीजल को छोड़कर समस्त भुगतान बोर्ड की सहमति से कराए जाने, प्रस्ताव संख्या पांच अन्य प्रस्ताव चेयरपर्सन के आदेश अनुसार पूर्ण रूप से आगामी बैठकों तक रद्द किया जाए, चेयरपर्सन, नगर पालिका परिषद सभासद, सरकारी कर्मचारियों के अतिरिक्त कोई अन्य व्यक्ति सरकारी दस्तावेजों से कोई छेड़छाड़ न करें। यदि कोई कर्मचारी सरकारी दस्तावेजों को नगर पालिका कार्यालय से बाहर अन्य किसी अन्य व्यक्ति को देता, दिखाता है तो उस व्यक्ति व कर्मचारी पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए, बोर्ड की बैठक प्रत्येक माह कराई जाए, समस्त नगर पालिका परिषद कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे पूर्ण रूप से चालू किए जाएं, प्रस्ताव संख्या एक से लेकर पांच तक के प्रस्तावों को नगर पालिका परिषद हल्दौर की बोर्ड मीटिंग में कार्यवाही रजिस्टर (कोटेशन बुक) में दर्ज किए जाने के संबंध में अधिशासी अधिकारी को सभासदों द्वारा मांग पत्र दिया।