बारिश में एक भी शिकायतकर्ता नहीं पहुंचा
रेहड़। बारिश के चलते बादीगढ़ बिजलीघर पर आयोजित समाधान शिविर में एक भी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। निगमकर्मी शाम तक शिकायतकर्ताओं का इंतजार करते रहे। अवर अभियंता विद्युत वितरण उपखंड बादीगढ़ रणजीत मौर्या ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए रविवार को बादीगढ़ विद्युत वितरण उपकेंद्र पर समाधान शिविर आयोजित किया गया था। इसमे सामान्यत: उपभोक्ताओं की अनियमित विद्युत बिल, खराब मीटर आदि से संबंधित शिकायतों का निस्तारण होना था। लेकिन रविवार को दिन भर बारिश के चलते एक भी शिकायतकर्ता समाधान शिविर में नहीं पहुंचा। अब माह के तीसरे रविवार को समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर अनिल यादव, विनोद पटेल तथा योगराज सिंह आदि रहे।