नोडल अधिकारी ने किया अस्पताल का निरीक्षण
बिजनौर/हल्दौर। शासन से नामित होकर जनपद बिजनौर में आए नोडल अधिकारी ने आला अफसरों के साथ जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दौर में बने एल-2 विंग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नोडल अधिकारी ने स्वास्थ्य अफसरों को साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी संजय कुमार ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। वे इमरजेंसी और कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों से मिले और उनका हाल जाना। उन्होंने कार्यवाहक सीएमएस डॉ. मनोज सेन को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में आने वाले किसी भी मरीज को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही अस्पताल परिसर में वाहनों की पार्किंग पर रोक लगनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने जिला अस्पताल का बीच वाला गेट बंद रखने को कहा। एक मरीज के साथ में दो तीमारदारों को ही अस्पताल परिसर में आने की अनुमति दी जानी चाहिए। इसके बाद वे हल्दौर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बने 30 बेड वाले कोविड एल-2 विंग का भी निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों को स्टाफ सहित कोरोना संक्रमित मरीजों का अच्छी प्रकार देखभाल कर उनका उपचार करने के दिशा निर्देश भी दिए। मरीजों से ऑक्सीजन के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने ओपीडी रूम, कंप्यूटर कक्ष, दवाई वितरण कक्ष, वैक्सीन कक्ष आदि का निरीक्षण किया। इस मौके पर डीएम रमाकांत पांडेय, सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक, सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल, कार्यवाहक सीएमओ डॉ. मनोज सेन, बीडीओ नरेंद्र पाल सिंह, एसीएमओ डॉ. एस के निगम, डॉ. पीआर नायर, पीएचसी प्रभारी डॉ. मदन पाल सिंह, हिमांशु चौधरी, डॉ. कुमेश वार्ष्णेय, डॉ. मोहम्मद अमजद आदि मौजूद रहे।