नगीना। एसडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य व तहसीलदार हामिद हुसैन ने रविवार को नगर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर बेसहारा लोगों को खाने के पैकेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि कोई भी भूखा नहीं रहेगा। तहसीलदार ने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं व जागरूक लोगों द्वारा प्रशासन को उपलब्ध कराए गए खाद्य सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। क्षेत्र में किसी व्यक्ति को भी भूखा सोने नहीं दिया जाएगा। नगीना में ही रविवार को लाल सराय स्थित वाटर वर्क्स में पालिका द्वारा स्थापित सामुदायिक किचन से 200 खाने के पैकेट बेसहारा लोगों को बांटने के लिए भेजे गए। इस मौके पर नगीना के सपा विधायक मनोज पारस, पालिका के पूर्व अध्यक्ष शेख खलीलुर्रहमान, पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह सभासद गोपाल शर्मा, ललित कुमार, अभिषेक कुमार, शेख जमशेद आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।