बिजनौर/नूरपुर। थाना शिवाला कलां के गांव मंझौला बिल्लौच निवासी युवती के साथ रामगंगा पोषक नहर में छलांग लगाने वाले मुरादाबाद के हरथला निवासी बिलाल का दूसरे दिन बुधवार को भी सुराग नहीं लग सका। नहर से सकुशल निकाली गई युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। बताया गया कि युवती के परिजन घर बंद कर कहीं चले गए हैं। चर्चा है कि बिलाल जल्द ही विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। वह इससे पहले प्रेमिका से निकाह करना चाहता था लेकिन परिजन तैयार नहीं थे।
मंगलवार को शाम करीब चार बजे थाना शिवाला कलां के गांव मंझौला बिल्लौच में प्रेमिका से मिलने आए जनपद मुरादाबाद के हरथला थाना सिविल लाइन निवासी बिलाल ने प्रेमिका के साथ रामगंगा पोषक नहर में छलांग लगा दी थी। पानी के तेज बहाव में प्रेमी युवक डूब गया जबकि प्रेमिका को पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बचा लिया था। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल आपस में रिश्तेदार हैं जिनका काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार की सुबह पीएसी मुरादाबाद की टीम ने राम गंगा पोषक नहर में तलाशी अभियान चलाया लेकिन बिलाल का कोई सुराग नहीं लग सका।
बताया गया कि युवक अपने दो भाइयों के साथ गुजरात में शीशे का कारोबार करता था। वह ईद पर अपने घर आया था। दोनों भाई तो गुजरात वापस चले गए थे लेकिन बिलाल विदेश जाने की तैयारी कर रहा है। इससे पहले वह प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन परिजन इसके लिए राजी नहीं थे। माना जा रहा है कि परिजनों की नाराजगी के कारण ही दोनों ने साथ मरने की ठान ली और नहर में छलांग लगा थी। पानी अधिक होने के कारण बिलाल बह गया जबकि युवती को निकाल लिया गया। बुधवार शाम तक युवक के दोनों भाइयों के गुजरात से यहां पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। उनके आने पर ही परिजन घटना के संबंध में तहरीर देने की बात कह रहे हैं। सीओ देश दीपक ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। पानी का बहाव तेज होने की वजह से देरी हो रही है।