बिजनौर/झालू/ अफजलगढ़/कादराबाद।। जिले में करीब 3500 किलोमीटर लंबी सड़कों का जाल बिछा हुआ है। अब तमाम सड़कों में गड्ढे हो गए हैं। हालांकि गड्ढा मुक्त करने के लिए 351 किलोमीटर की दूरी में अलग अलग सड़कों का लक्ष्य रखा गया है। मगर, अभी तक केवल 55 फीसदी यानि 187 किलोमीटर की दूरी में ही सड़कों को गड्ढामुक्त किया जा सका है।
झालू-बिजनौर रोड पर ग्राम खारी के क्रेशर के पास से बिजनौर माता काली के मंदिर तक पांच किलोमीटर की सड़क में 100 से भी अधिक गड्ढे हैं। बता दें कि पहले झालू बिजनौर मार्ग पर छोईया के पुल पर नहटौर निवासी एक व्यक्ति की सड़क के गड्ढे में बाइक का पहिया डालने से अनियंत्रित होकर गिर गया था। इसके बाद अज्ञात वाहन की चपेट में आने के बाद दर्दनाक मौत हो गई थी।
राजीव सिंह, अभय सिंह, सुमित चौधरी आदि का कहना है कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की लापरवाही के चलते क्षतिग्रस्त हुए मार्ग से अपनी जान को जोखिम में डाल कर चलना पड़ता है।
गांव हिदायतपुर चौहड़वाला जाने वाला तीन किमी मार्ग खस्ताहाल पड़ा है। मार्ग में अनेक स्थानों पर गहरे गहरे गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीण महेश चौहान, रिकेन्द्र, संदीप, सुनील, शमशेर नाजिम आदि का कहना है कि कालागढ़ मुख्य मार्ग से गांव तक जाने वाला मार्ग खस्ताहाल पड़ा है। अक्सर यहां दो पहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो जाते है। हालांकि अफजलगढ़- कालागढ़ मार्ग पर भी गड्ढे भरने का कार्य किया गया है। मगर, पवन, कोमल, संजय, सतबीर व बलराम आदि का कहना है कि गड्ढे भरने के नाम सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। उधर, किरतपुर मंडावर संपर्क मार्ग बदहाल है।
एजाज अली रोड काफी लम्बे समय से खस्ताहाल
शेरकोट। नेशनल हाइवे 74 के नजदीक चुंगी नंबर पांच से आरयूएम उचचतर विधालय, नगर के मुख्य बैक और बाजार को जोड़ने वाली एजाज अली रोड काफी लम्बे समय से खस्ताहाल स्थिति में है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि योजना बना कर शासनादेश के लिए भेज दिया गया है। जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा
गजरौला-झलरा मार्ग पर सड़क का बुरा हाल
गजरौला शिव। गजरौला-झलरा मार्ग पर सड़क का बुरा हाल है। आए दिन दुर्घटना होना आम बात हो गई हैं। यह मार्ग एक दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। मंडावर से झलरा, झलरी, भगैन, अलावलपुर, बारूकी, सुंदरपुर आदि एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का आने-जाने का मार्ग है। ग्रामीण सोनू, रिशिपाल, बाबूराम, सीताराम, योगेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, आदि किसानों ने मिल चलाने से पहले उक्त मार्ग को बनवाने की मांग की है।
187 किलोमीटर में सड़कों को गड्ढामुक्त किया जा चुका है। कुल 351 किलोमीटर में गड्ढे भरने का लक्ष्य है, जिसे 31 अक्तूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। जिन सड़कों में गड्ढे भरने से काम नहीं चलेगा, उनके नवीनीकरण को प्रस्ताव भेजा गया है। - हेमंत प्रताप, अधिशासी अभियंता लोनिवि