बिजनौर के हरेवली के साहूवाला वन क्षेत्र में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के साहूवाला वन रेंज में तीन दिनों से लगी आग से जंगल दहक रहा है। आग की लपटों ने वन क्षेत्र को दस किलोमीटर परिधि में लपेटे में ले लिया है। वन क्षेत्र में लगी आग से निकटवर्ती आबादी क्षेत्र को खतरा बना हुआ है। वन विभाग द्वारा किए गए प्रयास नाकाफी साबित हो रहे है। जंगल के पास के गांव वासियों को आग का डर सता रहा है। यदि आग आबादी की ओर बढ़ी, तो भारी तबाही होगी। वन क्षेत्र में लगी आग लगातार बढ़ती जा रही है। वन विभाग आग पर काबू पाने में पूरी तरह से विफल साबित हुआ। आग की लपेटों से वन संपदा लगातार नष्ट हो रही है। छोटे औषधीय पौधों के साथ ही बड़े पेड़ भी इस अग्नि से नहीं बच पा रहे। छोटे से क्षेत्र से शुरू हुई दस किलोमीटर की परिधि में फैल चुकी है। आग से वनों में भयावह स्थिति बनी है। रेंगने वाले जीव जल कर ही नष्ट हो रहे हैं। वनों की इस आग ने वन संपदा का भारी नुकसान कर दिया है। शिकायत के बाद भी वन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। आग आबादी की ओर बढ़ने से लोगों में बेचैनी बढ़ रही है। वहीं कंजरवेटर कमलेश कुमार का कहना है कि उनके द्वारा बिजनौर वन विभाग को आदेश निर्गत कर दिए गए हैं। यदि आदेशों का अनुपालन में विलंब हो रहा है तो अफसरों पर कार्रवाई करेंगे। वहीं साहूवाला रेंजर इरफान अली का कहना है कि उन्होंने आठ-दस व्यक्तियों को आग बुझाने के लिए भेजा गया है। आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।