बिजनौर। तमंचे के बल पर तीन भैंस सहित चार पशुओं को लूटकर ले जाने के मामले में चांदपुर पुलिस खाली हाथ है। सात दिन बाद भी पुलिस बदमाशों को नहीं ढूूंढ सकी है। उधर पीड़ित किसान परिवार को इस घटना से लाखों का रूपये का नुकसान हुआ है जोकि जल्द से जल्द पशुओं की बरामदगी की मांग कर रहा है।
चांदपुर थाना क्षेत्र के हल्ला नंगला गांव में सात दिन पहले घेर में सो रहे किसान नरेंद्र पुत्र घसीटा को तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए बदमाशों ने तीन भैंस और एक भैंसा लूट लिया था। चारों पशुओं को बदमाश मिनी ट्रक में भरकर ले गए। साथ ही किसान को भी अपने साथ ले गए लेकिन उसे कुछ दूर जाकर जंगल में छोड़ दिया था। लूट के इस मामले को पुलिस ने चोरी की धाराओं में दर्ज कर लिया। खैर, किसान को उम्मीद जगी कि अब घटना का खुलासा होने पर उसके पशुओं की बरामदगी हो जाएगी। उधर सात दिन बीतने के बाद भी पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी है। चांदपुर पुलिस अंधेरे में तीर चला रही है। उधर पीड़ित कई बार पुलिस से मिलकर घटना के खुलासे की मांग कर चुका है।
विवेचक मामले की जांच कर रहे हैं। यह लूट का नहीं बल्कि पशु चोरी का मामला है। जल्द ही मामले का खुुलासा कर दिया जाएगा - सतीश कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक चांदपुर