बिजनौर। कोरोना संक्रमितों की संख्या में रोजाना बढ़ रही है। ऐसे में जिले में भी नाइट कर्फ्यू लगने के हालात बनते नजर आ रहे हैं। इसके बावजूद लोग सबक नहीं ले रहे। जिले में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। लोग इसके बाद भी बेवजह घरों के बाहर घूम रहे हैं। भीड़-भाड़ वाले इलाको में बिना मास्क के लोग खूब नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अब लोग सैनिटाइजर का प्रयोग भी करते नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में लापरवाही भारी पड़ सकती है। शासन के निर्देश हैं कि जिस जिले में 100 या उससे अधिक संक्रमित मिल जाएं तो वहां नाइट कर्फ्यू लगा दिया जाए। शनिवार को बिजनौर जिले में 92 कोरोना संक्रमित मिले। यही हाल रहा तो जिले में भी नाइट कर्फ्यू लगाया जा सकता है। उधर पुलिस ने शनिवार को बिना मास्क लगाए घूमने वाले 291 लोगों का चालान करके एक लाख 38 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। संवाद