मासूम मानवी की फाइल फोटो और उसकी हत्या का आरोपी चाचा हिमांशु।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद के राजपुर नवादा में भतीजी मानवी की गला रेतकर हत्या करने और भतीजे मयंक को छत से फेंकने वाले आरोपी हिमांशु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दर्ज रिपोर्ट और पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि हिमांशु अपने पिता जयसिंह को चाकू से आतंकित कर रुपये मांग रहा था। भाभी ने टोका तो उसने वारदात को अंजाम दे डाला।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पहुंचे मानवी के शव को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। दादा जय सिंह ने पोती मानवी का अंतिम संस्कार किया। मृतका के पिता अरुण कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई हिमांशु उर्फ कहर सिंह चाकू लेकर बृहस्पतिवार शाम पिता जय सिंह से खर्च के लिए रुपये मांग रहा था। पैसा नहीं देने पर हिमांशु की पिता से नोकझोंक भी हुई।
इस दौरान अरुण की पत्नी ने देवर हिमांशु को टोका तो उसने पहली मंजिल से भाभी को धक्का देने का प्रयास किया। वह उसके चंगुल से बच निकली। इसके बाद आरोपी ने चार साल के भतीजे मयंक को छत से नीचे फेंक दिया। इसके बाद भतीजी मानवी की गला रेतकर हत्या कर दी। बताया कि हिमांशु ने अपने गले पर भी चाकू से वार किया। पुलिस ने आरोपी को घायल हालत में गिरफ्तार किया है।
सदमे में पूरा परिवार, बालक का चल रहा इलाज
छत से फेंके जाने के कारण बालक मयंक की हालत गंभीर बनी हुई है। जौलीग्रांट रेफर कर दिया।
हिमांशु पहले भी घर में कर चुका तोड़फोड़
हिमांशु ने एक महीने पहले भी विवाद होने पर घर में तोड़फोड़ की थी। पिता जय सिंह पीडब्लूडी में कार्यरत हैं। अपने पिता पर दबाव बनाकर वह नशे के लिए आए दिन पैसे मांगता था। नशे की हालत में ही उसने वारदात को अंजाम दिया।
ये भी देखें...
UP: बागपत में बोले नरेश टिकैत- हिंदुओं की आबादी हो रही कम, बढ़ाने पर ध्यान दो, युवाओं को दी ये नसीहत