चार सदस्यों की मौत की खबर से मचा कोहराम
बरूकी (बिजनौर)। नया गांव के धीरज सहित परिवार के चार सदस्यों की मौत की सूचना मिलने पर कोहराम मच गया। गांव में भी शोक छा गया। धीरज द्वारा पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या करके फांसी लगाकर आत्महत्या करने पर गांव में शोक छा गया। उधर, परिवार के लोग गाजियाबाद रवाना हो गए।
कोतवाली देहात की सीमा पर स्थित नयागांव निवासी राजेश सिंह का बड़ा बेटा धीरज कुमार करीब 12 वर्षों से गाजियाबाद में स्टील की रेलिंग, एसएस गेट आदि का काम करता था। अपने साथ गांव के भीम सहित पांच युवकों को भी काम करने के लिए लगा रखा था। धीरज परिवार के साथ गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद क्षेत्र स्थित अर्थला इलाके में किराए पर मकान में रहता था। बृहस्पतिवार रात धीरज, उसकी पत्नी काजल, दो साल के बेटे ध्रुव और पांच साल की बेटी एकता की मौत हो गई। पता चला कि धीरज ने पहले तो पत्नी और बच्चों को मारा और फिर आत्महत्या की।
शुक्रवार सुबह धीरज और उसके पूरे परिवार की मौत की सूचना नया गांव पहुंची, तो परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में धीरज के पिता राजेश और मां सरोज के अलावा दो भाई नीरज, राहुल रहते हैं। घटना की सूचना के बाद सुबह लगभग नौ बजे धीरज के पिता राजेश, मां सरोज और पूर्व प्रधान चन्द्रपाल सिंह समेत परिवार के लोग गाजियाबाद रवाना हो गए। धीरज के पिता के पास लगभग पांच बीघा कृषि जमीन है। परिवार की माली हालत कमजोर है। घटना के पीछे आर्थिक तंगी बताई जा रही है। छोटे भाई नीरज और राहुल ने बताया कि धीरज का दो वर्ष का बेटा ध्रुव बीमार चल रहा था। इसके चलते रोजाना उससे बात होती थी। बृहस्पतिवार को ही धीरज की बात माता-पिता से हुई थी।