मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में एक क्लीनिक में डिलीवरी के बाद नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में एक क्लीनिक में डिलीवरी के बाद नवजात बच्ची की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लीनिक पर हंगामा कर दिया।
विज्ञापन
घटना गगोल रोड स्थित एक क्लीनिक की है। जानकारी के अनुसार गगोल गांव निवासी गौरव अपनी गर्भवती पत्नी तनु को डिलीवरी के लिए क्लीनिक लेकर पहुंचे थे। शनिवार को महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ समय बाद ही बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी और उसकी धड़कनें कम होने लगीं।
उपचार में लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक स्टाफ ने नवजात की सही तरह से देखभाल नहीं की। उनका कहना है कि क्लीनिक में ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी और बच्ची को समय पर सही उपचार नहीं दिया गया।
स्थिति बिगड़ने पर परिजन बच्ची को दूसरे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन वापस क्लीनिक पहुंचे और वहां हंगामा कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। परिजनों ने क्लीनिक और स्टाफ के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।