बिना अनुमति न हो नया निर्माण कार्य
स्योहारा। चार दिन पूर्व दो सौ वर्ष पुराने बरगद के पेड़ को काटने के बाद हुए विवाद को शांत करने के लिए थाना प्रांगण में एसडीएम, सीओ व समिति के सदस्यों की हुई बैठक बेनतीजा रही। एसडीएम ने कहा कि कोई भी पक्ष मामले का समाधान हुए बगैर उस स्थान पर नव निर्माण नहीं करेगा।
ठाकुरद्वारा रोड स्थित एक खेत का वर्ष 2011 में एक दलित व्यक्ति के पट्टे की जमीन का यूसुफ ने बैनामा करा लिया था। चार दिन पूर्व यूसुफ ने खेत में खड़े दो सौ वर्ष पुराने बरगद के पेड़ को काट दिया था, जिस पर हिंदू समुदाय के लोगों ने धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही उक्त स्थान पर देव स्थल बनाने की मांग की। रविवार को ग्रामीण उस स्थान पर चबूतरा बना कर झंडा लगाने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता डॉ. एनपी सिंह व थानाध्यक्ष राजीव चौधरी के समक्ष तय हुआ कि एक समिति बना कर प्रशासन व समिति के सदस्य वार्ता कर समाधान निकालेंगे। सोमवार शाम थाना प्रांगण में एसडीएम मनोज कुमार, सीओ इंदु सिद्धार्थ, डॉ. एनपी सिंह, भाजपा नेता सुरेंद्र अरोड़ा, डॉ. नैपाल सिंह आदि समिति के सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में एसडीएम मनोज कुमार व सीओ इंदु सिद्धार्थ ने कहा कि बिना किसी अनुमति के कोई भी पक्ष नया निर्माण कार्य न करें। उक्त जमीन का बैनामा कर व समिति बनाने के बाद ही बरगद वाले उक्त स्थान पर देवस्थल का निर्माण कार्य करें।