बाइक सवार युवक ने छात्रों पर फायर झोंका
धामपुर। क्षेत्र के गांव भटियाना-खुशहालपुर में कॉलेज से घर लौट रहे छात्रों पर बाइक सवार युवकों में से एक ने फायर झोंक दिया। आरोपियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
क्षेत्र के गांव बसेड़ा खुर्द, मटौरा मान , मटौरा दर्घा आदि कई गांवों के छात्र और छात्राएं गांव भटियाना खुशहालपुर में स्थित एक कॉलेज में पढ़ने जाते है। छात्रों ने बताया कि जब वह सोमवार केेे कॉलेज की छुट्टी होने के बाद घर जा रहे थे, तभी गांव मटौरा दर्घा के निकट नहर के पास एक बाइक पर सवार चार युवक पीछे से आए और उनसे दोयज मेले के बारे में पूछा। जैसे ही उन्होंने मेले की ओर हाथ से इशारा किया, बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। उन्होंने शोर मचाकर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गए। आरोपी पास के गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए है। कोतवाल माधो सिंह बिष्ट का कहना है कि घटना को संज्ञान में लेने के बाद पुलिस को मौके पर भेजा गया। आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।