-बिजनौर तहसील में बुधवार को 95 बैनामे हुए
-जिलेभर में जुलाई माह के अंतिम दिन हुए 453 बैनामे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में आज से नए सर्किल रेट लागू हो रहे हैं। नए सर्किल रेट 10 से 25 प्रतिशत तक बढ़े हैं। इसके चलते अब जमीन खरीदने पर खरीदारों को अधिक स्टांप शुल्क जमा करना होगा। इसी वजह से जुलाई माह के अंतिम दिन बैनामा कराने वालों की काफी भीड़ नजर आई। जिलेभर में बुधवार को 453 बैनामे हुए, जिनमें प्रशासन को काफी आय प्राप्त हुई।
बिजनौर तहसील में बुधवार को 95 बैनामे हुए। इसमें तहसील को 52 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। जबकि पिछले एक सप्ताह में तहसील में 354 बैनामे किए गए। जिनसे 23,189,620 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। जबकि नजीबाबाद तहसील में सर्किल रेट बढ़ने से एक दिन पहले 83 बैनामे हुए। इनसे प्रशासन को 41 लाख रुपये आय प्राप्त हुई। नजीबाबाद तहसील में पिछले 10 दिनों में उप निबंधक कार्यालय को तीन करोड़ 21 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
वहीं, चांदपुर तहसील में अंतिम दिन 76 बैनामा व दान पत्र से करीब 38 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। जबकि एक सप्ताह में 310 बैनामा व दान पत्र के माध्यम से दो करोड़ 76 लाख का राजस्व मिला है। उधर, धामपुर तहसील में बुधवार को 155 बैनामे हुए। जिनसे 86 लाख 27 हजार रुपये फीस और स्टांप जमा हुए। इसके अलावा नगीना तहसील में बुधवार को 44 बैनामे किए गए। इससे प्रशासन को करीब 27 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। एक अगस्त से नए सर्किल रेट लागू हो रहे हैं, जिससे खरीदारों को बैनामा कराने पर अधिक शुल्क देना होगा। जिस वजह से 31 जुलाई को रजिस्ट्री कार्यालयों में भीड़ लगी रही।