बिजनौर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि सभी बैंक सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को गंभीरता पूर्वक लेते हुए दिए गए लक्ष्य को प्राप्त करें। कहा कि कार्यों में लापरवाही व शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने विकास भवन सभागर में बैंकों की जिला सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर डीएम ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट 2021-22 पुस्तिका का विमोचन भी किया। डीएम ने कहा कि बैंक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कृषि औद्योगिक विकास के लिए ऋण वितरण को क्लस्टर बनायें। बैंक ई-ट्रांजेक्शन को बढ़ावा दें। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एक कल्याणकारी योजना है। इसके क्रियान्वयन से अनेक रेहडी पटरी दुकान वालों को फायदा मिला। आमजन के आर्थिक उत्थान व गरीब व वंचितों को मुख्य धारा से जोड़ने में सहयोग करें।
सीडीओ पूर्ण बोरा ने कहा कि बैंक योजनाओं के क्रियान्वयन व प्रचार-प्रसार में सहयोग करें। एलडीएम विजय कुमार बंसल ने बैंकों का प्रगति विवरण प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री जनधन योजना मे अब तक 1428825 खाते खोले जा चुके है। इस वित्तीय वर्ष में 30 जून 2022 तक उद्योग क्षेत्र के अंतर्गत 244.58 करोड़ रुपये तथा 1453.51 करोड़ रुपये का कुल कृषि ऋण वितरण किया गया।