बिजनौर। चैत्र नवरात्र रविवार 30 मार्च से शुरू हो रहे हैं। नवरात्र से पहले बाजार में पूजा-अर्चना की सामग्री एवं व्रत के सामान की खरीदारी हुई। बाजार में दुकानें सजी हुई हैं। नवरात्र से व्रत के सामान की खरीदारी करने लोग बाजार पहुंच रहे हैं।
नवरात्र शुरू होने पर सभी घरों में मां के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। पूजन के लिए हवन की सामग्री, धूप बत्ती, नारियल, माता की मूर्ति, कलश, गंगाजल, फूल, फल, मिठाई, दीपक, कपूर, कलावा की खरीदारी लोग कर रहे है। व्रत में खाने के लिए सिंघाड़े का आटा, कुट्टू का आटा, बादाम, काजू, चौलाई के लड्डू की अधिक मांग है। ग्राहकों की संख्या बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए नजर आए। महंगाई का कोई असर ग्राहकों के चेहरे पर नजर नहीं आ रहा है।
चिकित्सक बोले, व्रत रखें, डीहाईड्रेशन न होने दें : चिकित्सकों का कहना है कि लंबे समय तक खाली पेट रहने से सेहत पर बुरा असर भी पड़ सकता है। वहीं, डीहाईड्रेशन से बचने के उपाय भी करें। इसके लिए एक-दो घंटे के अंतराल पर कुछ हल्का जरूर खाते रहें। लंबे समय तक उपवास करने से कमजोरी, थकान और सिरदर्द हो सकता है। व्रत पूर्ण करते समय हमेशा हल्का भोजन करें। कई लोग व्रत में पूरे दिन कुछ नहीं खाते और सिर्फ एक समय ही फल लेते हैं।
ऐसे में लोगों को ब्लड शुगर लो होने की समस्या हो जाती है। इस वजह से पसीना आना, घबराहट होना और कमजोरी महसूस होने लगती है। इसलिए आपको चीनी या ग्लूकोज का सेवन करते रहना चाहिए।