कोटद्वार मार्ग पर नेशनल हाइवे का खस्ताहाल संपर्क मार्ग।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में कोटद्वार मार्ग पर भारत सिनेमा फ्लाईओवर के उतार की दोनों ओर की सर्विस रोड बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हैं। साइड रोड खस्ताहाल होने से दुपहिया वाहन सहित अन्य वाहनों और राहगीरों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
कोटद्वार मार्ग पर पेट्रोल पंप के निकट दोनों ओर का संपर्क मार्ग खस्ताहाल है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले इस मार्ग की मरम्मत कराने के लिए कई बार नेशनल हाइवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से नागरिक संपर्क कर चुके हैं, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। फ्लाईओवर से उतरते ही दोनों ओर संपर्क मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से दुपहिया वाहन, ई-रिक्शा तथा अन्य वाहन गड्ढों में अनियंत्रित हो रहे हैं। पुकार सिनेमा से मंडी समिति तक हाइवे संपर्क मार्ग बेहद खस्ताहाल है।
नजीबाबाद-पौड़ी हाइवे 534 के अंतर्गत आने वाला हाइवे नजीबाबाद से कोटद्वार तक कई स्थानों पर खराब है। भारी वाहनों के आवागमन से मार्ग पर गड्ढे गहरे होते जा रहे हैं। मेरठ और सहारनपुर में बैठे नेशनल हाइवे अधिकारी क्षेत्र के हाइवे मार्गों की खस्ताहाल स्थिति से बेखबर हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों आसिफ अली, संजय कर्णवाल, फजलुर्रहमान, अशोक कुमार सहित कई लोग नेशनल हाइवे अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर चुके हैं, लेकिन किसी ने सुुध नहीं ली।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक डीके चतुर्वेदी ने बताया कि हाइवे मेंटिनेंस के लिए उनके पास अलग से स्टाफ नहीं होता है। प्राइवेट एजेंसी हायर कर काम कराने पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि नजीबाबाद के फ्लाईओवर की सर्विस रोड पानी भराव की दृष्टि से ऊंची करके बनाने के लिए टैंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही मार्ग की मरम्मत कराई जाएगी।