जोगीरम्पुरी दरगाह पर दुआ मांगते मुख्तार अब्बास नकवी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के नजीबाबाद में केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सत्यानाशी सियासत करने वाली कांग्रेस केंद्र सरकार के अब तक के कार्यकाल में संसद के भीतर और बाहर बाधा पहुंचाती आई है। यही वजह है कि अब असम और इससे पहले विभिन्न राज्यों में कांग्रेस की सामंती सोच का खात्मा हुआ है।
बृहस्पतिवार को केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी दरगाह ए ऑलिया नजफे हिंद जोगीरम्पुरी में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने केंद्र सरकार की बहुमुखी विकास की सोच में बाधक बन रही कांग्रेस से अपील की है कि वह मानसून सत्र में सकारात्मक सोच के साथ संसद को चलने दे, ताकि प्रमुख बिल पास किए जा सकें।
प्रदेश में सपा और बसपा राज में अराजकता का दौर जनता देख चुकी है। नकवी ने कहा कि इसके खात्मे का एकमात्र विकल्प भाजपा ही है।
उत्तराखंड में कांग्रेस शासन को हरी झंडी मिलने के सवाल पर नकवी ने कहा कि उत्तराखंड में दागी कांग्रेस के विधायक बागी हुए थे। कोर्ट के फैसले को भाजपा ने सम्मान दिया, अब कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में जनता की अदालत में खड़े होना है।
उत्तर प्रदेश में भाजपा के मजबूती से चुनाव लड़ने और सरकार बनाने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि परंपरा अनुसार भाजपा अपने प्रत्याशियों के नाम अन्य पार्टियों से बाद में ही घोषित करती है। इस दौरान दरगाह कमेटी के सचिव विसाल मेहंदी आदि मौजूद रहे।