राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार के लिए नजीबाबाद चीनी मिल चयनित
नजीबाबाद। किसान सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद को ओवर ऑल बेस्ट कोऑपरेटिव मिल का राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार के लिए चुना गया है। चीनी मिल को गुजरात में 26 मार्च को राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार प्रदान करेगा।
किसान सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद ने देश की सहकारी चीनी मिलों में एक बार फिर से राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार प्राप्त किया है। राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ ने नजीबाबाद चीनी मिल को पूरे देश की सहकारी चीनी मिलों में ओवर ऑल बेस्ट कोऑपरेटिव मिल के लिए सभी श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया है। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक दानवीर सिंह, गन्ना महाप्रबंधक डॉ.एसएस ढाका ने 19 वीं बार चीनी मिल को राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार मिलने का श्रेय चीनी मिल के प्रशासक डीएम रमाकांत पांडेय, मिल अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों के योगदान को दिया है।