-रावलहेड़ी फाटक के निकट मार्ग के बीचोबीच गड्ढा होने से अनियंत्रित हो रहे वाहन
नजीबाबाद। नजीबाबाद-बुंदकी-नगीना मार्ग कई जगह से धंस गया है। इससे रावलहेड़ी फाटक से नगीना दिशा में धंसे हुए मार्ग पर चौपहिया वाहनों के पलटने का भय बना रहता है। वहीं पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं।
नजीबाबाद-बुंदकी-नगीना मार्ग का करीब डेढ़ साल पहले चौड़ीकरण और सुंदरीकरण हुआ था। गांव रावलहेड़ी फाटक से नगीना की ओर मार्ग कई जगहों से धंस गया है। आलम यह है कि सड़क का एक सिरा दूसरे सिरे से ऊंचा हो गया है। धंसे हुए मार्ग पर अचानक वाहनों के पहुंचने से कई बार चौपहिया वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं।
गन्ना पेराई सत्र में मार्ग पर आवागमन में राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वाहन चालक गन्ना वाहनों को धंसे हुए मार्ग से बचाने के लिए कई बार सड़क की दूसरी दिशा में पहुंच जाते हैं, जिस कारण सामने से आने वाले वाहनों को जगह नहीं मिल पाती। किसानों ने कई बार लोनिवि के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
.........................................
क्षतिग्रस्त हो गई पुलिया, गड्ढे में भर दी मिट्टी और ईंट
रावलहेड़ी फाटक से नगीना दिशा में 100 मीटर दूर मार्ग की एक पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्से में मिट्टी और ईंट भर दी गई हैं। यह पुलिया पिछले पांच महीनों में चार बार धंस चुकी है। दरअसल, मार्ग चौड़ीकरण के दौरान पुलिया में ह्यूम पाइप लगाए गए थे, जो गन्ना वाहनों के आवागमन से अक्सर धंस जाते हैं। उधर, रावलहेड़ी फाटक के नजदीक नजीबाबाद दिशा में भी एक और पुलिया धंसी हुई है।
.
.
रावलहेड़ी फाटक से नगीना दिशा में एक पुलिया क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। संबंधित ठेकेदार को पुलिया और मार्ग के धंसे हुए हिस्से को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
- एमएस पांडेय, एई, लोनिवि।