नगीना। नगीना निवासी कार चालक कफील (45) की मेरठ के भोजपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर डंपर में कार टकराने से मौके पर ही मौत हो गई। मोहल्ला काजी सराय निवासी कफील पुत्र खलील प्राइवेट कार चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। रिश्तेदार साबिर के अनुसार कफील सोमवार की शाम करीब चार बजे नगीना से कार में सवारी लेकर दिल्ली गया था। शाम करीब सात बजे मेरठ के भोजपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर कार के आगे चल रहे डंपर के अचानक ब्रेक लग जाने पर कार डंपर में घुस गई। इस भीषण हादसे में गाड़ी चला रहे कफील की मौके पर ही मौत हो गई और सभी कार सवार घायल हो गए। पुलिस व हाईवे एंबुलेंस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचवाया। कफील का शव पोस्टमार्टम के बाद नगीना पहुंचेगा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन रात में ही मेरठ पहुंच गए। कफील अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है। सीओ नगीना राजेश सोलंकी ने बताया कि यह मामला मेरठ का है। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।