निजामुद्दीन ने इसराना को मारने के लिए देहरादून से बुलाया था। इसराना को शक हो गया, तो उसने अपनी बहन रिहाना को भी बुला लिया। लेकिन आरोपी ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दे दिया।
निजामुद्दीन ने पत्नी इसराना की हत्या के लिए पूरी प्लानिंग की थी। हत्या के वक्त इसराना की चीखें किसी को सुनाई न दें, इसलिए पहले ही तेज आवाज करने वाला तूफान पंखा चला लिया था। इसकी आवाज में इसराना की चीख दबकर रह गई। बरामदे और कमरे की लाइट भी उतार कर अंधेरा कर दिया था। इसके बाद ही चाकू से वार करते हुए पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।
विज्ञापन
शौहर निजामुद्दीन के बुलाने पर इसराना देहरादून से दोपहर तीन बजे ससुराल बिजनौर पहुंची थी। उसे अनहोनी का डर हुआ। इस पर उसने अपनी बड़ी बहन रिहाना को भी फोन करके बुला लिया। इसराना और रिहाना रात में 11 बजे तक बातें करते रहे।
रिहाना ने बताया कि इसके बाद वह अपने भांजे ताजिम (7) के साथ कमरे में सो गई, जबकि बहनोई निजामुद्दीन और बहन इसराना कमरे के बाहर बरामदे में सो गए। इसराना की सास छम्मो नीचे के कमरे में सोई थी। इसी दौरान निजामुद्दीन ने तेज आवाज करने वाला तूफान पंखा चला दिया, जबकि इसराना पंखा चलाने को मना कर रही थी। जिस कमरे में रिहाना सोई थी, उस कमरे और बरामदे का बल्ब उतारकर अंधेरा कर दिया।
बाहर से बंद था दरवाजा, बहन को नहीं बचा सकी रिहाना
भले ही मदद के इरादे से रिहाना अपनी बहन इसराना की ससुराल पहुंची थी। मगर, आरोपी इतना चालाक निकला कि हत्या को अंजाम देने से पहले रिहाना के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। साथ ही कोई नीचे से नहीं आने पाए, इसके लिए सीढ़ियों का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। सुबह चार बजे इसराना के कराहने की आवाज सुनने पर रिहाना की आंख खुली तो दरवाजा बाहर से बंद होने पर कमरे से बाहर नहीं निकल सकी। खिड़की से सबकुछ देखते ही रह गई।
15 नवंबर को कोर्ट में होने से थे बयान
आरोपी निजामुद्दीन जनवरी महीने में पत्नी इसराना पर तेजाब फेंकने में जेल गया था। अब इस केस में आरोपी समझौता करना चाहता था। इसराना के बयान 15 नवंबर को कोर्ट में होने थे। इससे पहले ही आरोपी ने इसराना को मार डाला। 15 दिन पहले भी किया था हमला
बहन रिहाना ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी आरोपी ने इसराना को घर बुलाया था। उस वक्त भी मारपीट की थी। तब इसराना घर से भाग निकली थी। भागते हुए गिरने पर उसे चोट भी लगी थी। अब आरोपी इसराना को झांसे में लेने के लिए खर्च का पैसा भी खाते में डलवा रहा था।
किसी से बात करने का शक करता था
फिलहाल दोनों के बीच मुकदमेबाजी चल रही थी। मगर, आरोपी को पत्नी इसराना के किसी व्यक्ति से बात करने का शक था। अनैतिक संबंध होने का भी शक था।
ये बोले सीओ
आरोपी ने हत्या करने के बाद जहरीले पदार्थ का सेवन किया है, जिसका पुलिस की अभिरक्षा में इलाज चल रहा है। - संग्राम सिंह, सीओ सिटी