नगरपालिका कराएगी जिम की स्थापना
धामपुर। प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया की निधि से 22 लाख की लागत से शिवाजी पार्क में हो रहे पुस्तकालय का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि लाइब्रेरी के पास पालिका की ओर से करीब पौने चार लाख की लागत से जिम की भी स्थापना कराई जा रही है। जिसका टेंडर जारी कर दिया गया है।
शिवाजी पार्क के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वाटिका में परिवहन मंत्री की निधि से लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें फर्नीचर की व्यवस्था नगर के उद्योगपति लाला नरेंद्र गुप्ता द्वारा कराई जा रही है। शिक्षक नेता एवं लाइब्रेरी के संरक्षक यशपाल तुली ने बताया कि उनकी लाला नरेंद्र गुप्ता से इस काम को जल्द पूरा कराने के लिए वार्ता हो चुकी है। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि पालिका स्तर से लाइब्रेरी के पास जिम की स्थापना कराई जा रही है। इस पर करीब तीन लाख 65 हजार की लागत आ रही है। एक माह में यह काम पूरा कराना है। जिम में पालिका की ओर से लोगों की सुविधा को देखते हुए एक कैंटीन की भी व्यवस्था की जा रही है।