रेलवे स्टेशन के पास से हटेंगी पालिका की दुकानें
धामपुर। उत्तर रेलवे के सहायक मंडल प्रबंधक दिनेश कुमार ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी और पालिका अध्यक्ष को पत्र लिखकर रेलवे स्टेशन के गेट के दोनों और बनी पालिका की दुकानों को हटाए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि रेल मंत्री के घोषणा के अनुपालन में धामपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होना है।
रेलवे की ओर से रेलवे स्टेशन के गेट को अत्याधुनिक तरीके से और चौड़ा कर बनाया जाएगा। जिसके लिए गेट के दोनों ओर नगरपालिका की बनी दुकानों को हटाना जरूरी है। रेल विभाग के अधिकारियों का पत्र प्राप्त होने के बाद पालिका के अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, संबंधित दुकानदारों ने दुकानों को हटाए जाने का विरोध शुरू कर दिया है। दुकानदारों का कहना है कि यदि रेलवे स्टेशन के कायाकल्प के चलते उनकी दुकानों को हटा दिया गया तो वे बर्बाद हो जाएंगे। इन लोगों ने किसी भी दशा में पालिका के अधिकारियों और पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता ने दुकानों का बचाव कराने की मांग की है। संबंधित लोगों ने अपनी दुकानों को हटाने से बचाने के लिए सत्ता पक्ष के नेताओं से भी संपर्क शुरू कर दिया है। बताया गया कि वे इस मामले में विधायक अशोक राणा से मिलकर समस्या से अवगत करा चुके हैं। विधायक ने उनकी मदद का भरोसा दिया है।