नगर क्षेत्र के स्कूलों का होगा कायाकल्प
बिजनौर। शासन ने नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय की सूरत बदलने के लिए स्कूलों में आवश्यक कार्य कराने के दिशा निर्देश दिए हैं। मिशन कायाकल्प के तहत स्कूलों में आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में पिछले छह महीने से मिशन कायाकल्प के तहत कार्य कराए जा रहे हैं। जिसके अंतर्गत स्कूलों में चारदीवारी का निर्माण पेयजल व्यवस्था शौचालय स्कूलों की मरम्मत आदि का कार्य चल रहा है। अब शासन ने नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भी मिशन कायाकल्प के तहत स्कूलों के सुंदरीकरण का कार्य कराने के निर्देश शिक्षा विभाग के अफसरों को दिए हैं। प्रमुख सचिव दीपक कुमार ने बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों को नगर क्षेत्र के स्कूलों में जरूरी कार्य मिशन कायाकल्प के तहत कराने को कहा है। जिसके अंतर्गत स्कूलों की रसोई घर, चारदीवारी मरम्मत, स्कूलों में टाइल्स लगवाना, ब्लैक बोर्ड ,मल्टीपल हैंडवाश सहित तमाम कार्य कराए जाएंगे। ताकि स्कूलों का जीर्णोद्धार हो सके नगर क्षेत्र के जिन स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष की आवश्यकता होगी, उन स्कूलों को चिह्नित कर अतिरिक्त कक्षों का निर्माण भी कराया जाएगा। समग्र शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक सलीम अख्तर बेग ने बताया कि विद्यालयों में क्षेत्र के विद्यालयों में कार्य कराने के निर्देश दिए हैं स्कूलों को चिह्नित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।