नगर पालिका के लिपिक ने खाया जहर, हालत गंभीर
धामपुर (बिजनौर)। नगर पालिका धामपुर में जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र पटल पर कार्यरत लिपिक ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत के चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लिपिक की पत्नी ने नौ सभासदों के खिलाफ तहरीर देकर उसके पति का उत्पीड़न करने और अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप लगाया है। पुुलिस मामले की जांच कर रही है।
धामपुर निवासी नितिन अग्रवाल नगर पालिका परिषद धामपुर में लिपिक है और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र पटल की जिम्मेदारी संभालता है। गत 20 फरवरी को सभासदों ने चेयरमैन राजू गुप्ता और अधिशासी अधिकारी मनोज रस्तौगी को ज्ञापन देकर आरोप लगाया था कि जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर नितिन अवैध वसूली करता है। उन्होंने नितिन को उस पटल से हटाने की मांग की थी। अधिशासी अधिकारी ने नितिन को पटल से हटा दिया और दूसरे लिपिक की तैनाती कर दी। इससे नाराज होकर नितिन ने शनिवार को ही पालिका में सभासदों की मौजूदगी में चेयरमैन से कहा कि यदि मेरा स्थानांतरण रद्द नहीं हुआ, तो जहर खाकर जान दे दूंगा। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे पालिका कर्मियों को पता चला नितिन ने जहर खा लिया है और शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। पालिका कर्मियों के अलावा सभासद और चेयरमैन भी अस्पताल पहुंचे और जानकारी ली। कुछ देर बाद ही नितिन अग्रवाल के परिजन भी वहां आ गए। नितिन की पत्नी अलका अग्रवाल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि नौ सभासद उसके पति से अवैध रूप से धन की मांग करते हैं और नहीं देने पर उत्पीड़न कर रहे थे। इसी कारण उसके पति मानसिक तनाव में आ गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रंजन कुमार शर्मा ने बताया कि लिपिक नितिन की पत्नी की तरफ से तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- जहर कहां खाया, नहीं चला पता
लिपिक नितिन अग्रवाल शनिवार दोपहर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हुए। उन्होंने जहर कहां पर खाया, स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस भी जांच करने में लगी है कि नितिन ने जहर कहां से खरीदा और कहां पर खाया।
- इन सदस्यों के खिलाफ दी तहरीर
लिपिक नितिन अग्रवाल की पत्नी अलका अग्रवाल की तरफ से सभासद तरुण विश्नोई, फरीद अहमद, इमरान, रिहान शेख, अजय मित्तल, अरविंद जोशी, अफसर आफताब, हारुन और सभासद के पति मुकेश कुमार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
- सामान्य प्रक्रिया है स्थानांतरण : चेयरमैन
नगर पालिका चेयरमैन राजू गुप्ता का कहना है कि सदस्यों द्वारा उन्हें ज्ञापन दिया गया था। उनके स्तर से पालिका ईओ को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद क्या हुआ उन्हें जानकारी नहीं है। स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है।
- हालत गंभीर: डाक्टर
डाक्टर आदित्य अग्रवाल का कहना है कि नितिन अग्रवाल ने जहर खाया है। वह शुगर का भी मरीज है। दो दिन से उसने शुगर की दवा भी नहीं खाई। मानसिक तनाव में था, उसकी हालत गंभीर है।