दर्ज मुकदमे वापस नहीं हुए तो होगा आंदोलन
नजीबाबाद। भाकियू नेताओं ने कहा कि यदि किरतपुर में बिजली विभाग की ओर से भाकियू के जिलाध्यक्ष और अन्य किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं हुए तो भाकियू आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि विद्युत निगम के अधिकारियों की किसी धमकी के आगे किसान नहीं झुकेंगे।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष इकबाल सिंह, विनोद परमार के नेतृत्व में किसानों ने बैठक की। जिसमें कहा गया कि विद्युत निगम के अधिकारी द्वारा आत्महत्या की धमकी देने से किसानों का मनोबल गिरने वाला नहीं है। किसानों ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा किसान किसी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि भाकियू के जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह और अन्य किसानों के विरुद्ध लिखाए गए मुकदमे जब तक बिजली विभाग वापस नहीं लेता, तब तक किसान चैन से नहीं बैठेंगे। इस मौके पर जसवंत सिंह, सर्वजीत सिंह, सुखचैन सिंह, गुरदेव सिंह, हरदेव सिंह आदि मौजूद रहे।