संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़ (बिजनौर)। बाइक सवार मां-बेटे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल बेटे की अस्पताल ले जाते हुए मौत हो गई, जबकि महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
शेरगढ़ निवासी वेदप्रकाश (40) पुत्र नोबहार सिंह शनिवार की सुबह अपनी मां विद्या देवी (65) के साथ बाइक से सुरजन नगर जाने के लिए निकला था। गांव से निकलकर मुख्य मार्ग पर कुछ दूर चलते ही उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में वेदप्रकाश और उसकी मां विद्या देवी गम्भीर रूप से घायल हो गई। घायलों को परिजन उपचार के लिए काशीपुर ले जा रहे थे। वेदप्रकाश की रास्ते में मौत हो गई, वहीं घायल विद्या देवी की काशीपुर में निजी अस्पताल में मौत हो गई। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।
सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
अफजलगढ़ (बिजनौर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे से दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।
दूसरा हादसा शुक्रवार की देर शाम हुआ। रेहड़ थाने के गांव हसनपुर निवासी सुशील कुमार (63) बाइक से अपने पुत्र को लेने के लिए भूतपुरी आ रहा था। भूतपुरी में शराब की दुकान के पास किसी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। राहगीरों की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। काशीपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन कोई कार्रवाई किए बिना शव अपने साथ ले गए।
तीसरा हादसा शुक्रवार की शाम शेरगढ़ मोड़ पर दो बाइकों की टक्कर से हुआ। इसमें घायल सुआंवाला निवासी महेंद्र (53) पुत्र डूंगर सिंह की काशीपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।