हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने बिजनौर की नूरानी मस्जिद पर हनुमान चालीसा का पाठ करने का एलान किया था। मस्जिद परिसर में कुआं निकलने के बाद विवाद का निपटारा करा दिया गया था, इसके बाद भी ललित शर्मा ने एलान कर दिया था।
मस्जिद में कुआं प्रकरण को लेकर बनखला गांव से उत्तराखंड बॉर्डर तक पुलिस मुस्तैद रही। कुएं पर हनुमान चालीसा का पाठ करने बनखला आ रहे हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा को भागूवाला बॉर्डर से आगे नहीं बढ़ने दिया गया। ललित शर्मा भागूवाला बॉर्डर पर ज्ञापन कर वापस उत्तराखंड चले गए।
विज्ञापन
Trending Videos
कोतवाली देहात के गांव बनखला स्थित नूरानी मस्जिद में कुएं को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कुएं को मस्जिद परिसर से बाहर कर दिया था। साथ ही मस्जिद की दीवार भी हटवा दी गई, ताकि कुआं परिसर से बाहर हो जाए।
इसके बावजूद हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने गांव में हनुमान चालीसा का पाठ करने का एलान किया था। इससे संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। ऐसे में पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी। हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष कौशिक त्यागी को गांव खेड़ा स्थित उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया। साथ ही बनखला गांव में पुलिस तैनात कर दी गई।
वहीं सीओ धामपुर के नेतृत्व में उत्तराखंड के बॉर्डर पर भागूवाला में पुलिस तैनात कर दी गई। ललित शर्मा के उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते ही उन्हें भागूवाला टोल के पास रोक लिया गया। इस दौरान हिंदू रक्षा दल की ओर से उत्तराखंड बॉर्डर पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी, एसडीएम नगीना प्रिंस कुमार, कोतवाली देहात थाना प्रभारी सुनील सहरावत समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
ज्ञापन में प्राचीन कुएं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने, संबंधित भूमि एवं निर्माण अभिलेखों की जांच कराने, स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।
ये बोले सीओ
बनखला में आकर हनुमान चालीसा के पाठ का एलान किया गया था। ऐसे में भागूवाला बॉर्डर पर पहुंचकर ज्ञापन लेते हुए उन्हें वापस भेज दिया गया है। गांव में पूरी तरह से शांति है। -अंजनी कुमार चतुर्वेदी, सीओ धामपुर