- रविवार को हुआ ओपन प्रदेश राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन
- विजेता खिलाड़ियों को डीएम ने ट्राफी और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही तीन दिवसीय ओपन स्टेट राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबलों में मुरादाबाद और प्रयागराज मंडल का दबदबा रहा। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को ट्राफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही बैडमिंटन प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। रविवार को हुए फाइनल में एकल पुरुष वर्ग बैडमिंटन प्रतियोगिता में लखनऊ का मोक्ष शाश्वत विजेता और मुरादाबाद का देवेश अग्रवाल उपविजेता बना। एकल महिला वर्ग में प्रयागराज की सना सुल्तान विजेता और अयोध्या की लक्ष्मी उपविजेता बनी।
इसके अलावा द्वितीय पुरुष वर्ग बैडमिंटन प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल के दिव्यांश प्रताप सिंह और हेमंत कुमार सिंह विजेता, अक्षित व अंश उपविजेता रहे। द्वितीय महिला वर्ग प्रतियोगिता में प्रयागराज की अनया पटेल व देविका प्रजापति विजेता, रश्मि सिंह व सना सुल्तान उपविजेता बनी।
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को ट्राफी, प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने जिले में जूनियर वर्ग की राज्य स्तरीय बालक, बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता कराने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर जिला क्रीड़ाधिकारी जयवीर सिंह, बैडमिंटन संघ उत्तर प्रदेश की तरफ से देवेंद्र कौशल, जिला बैडमिंटन संघ के सचिव दीपराज जैन, शंकरलाल शर्मा, सुखविंदर सिंह, अरविंद अहलावत आदि मौजूद रहे।