बैटरी बनाना बंद कर ऑक्सीजन बांट रहे चांद
अफजलगढ़। कोरोना के मरीजों को सांस लेने में दिक्कत आ रही है और ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी रही है। ऐसे समय में कुछ समाजसेवी व्यापारी आगे आकर मरीजों को ऑक्सीजन नि:शुल्क वितरित कर रहे हैं। सैकड़ों लोगों को ऑक्सीजन उपलब्ध करा रहे हैं।
नगर के मोहल्ला मंझोली निवासी चांद अजीम बैटरी बनाने का कार्य करते हैं। विपदा इस घड़ी में उन्होंने बैटरी बनाने का कार्य बंद कर दिया है और उसमें प्रयोग होनी वाली ऑक्सीजन सांस लेने में परेशानी झेल रहे रोगियों को नि:शुल्क उपलब्ध करा रहे हैं। चांद अब तक करीब 120 लोगों को छोटे सिलेंडर में ऑक्सीजन भरकर दे चुके हैं। चांद उत्तराखंड से अपने पैसों से ऑक्सीजन के बड़े सिलेंडरों को भरवाते हैं और जरूरतमंद रोगियों को वह छोटे सिलेंडरों में भरकर वितरित कर रहे हैं। चांद कहते हैं कि उनके पास ऑक्सीजन उपलब्ध है तो वह तुरंत रोगियों के तीमारदारों को ऑक्सीजन उपलब्ध करा रहे हैं। इसके लिए किसी से भी कोई पैसा नहीं ले रहे हैं।
उनका साथ उनके चाचा एडवोकेट शहजाद आलम तथा भाई जमील आफंदी दे रहे हैं। चांद का कहना है कि लोग जब विपदा से गुजर रहे हैं ऐसे में कुछ लोग ऑक्सीजन की कालाबाजारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि सभी लोग कालाबाजारी छोड़कर देश के लिए कुछ काम करें और ऑक्सीजन के जरूरत मंद लोगों को फ्री न सही पर कम मूल्य पर उपलब्ध कराएं। इस संकट की घड़ी में सभी किसी न किसी तरह देश व लोगों के काम आएं।