बिजनौर में मंगलवार रात मोबाइल की एक दुकान में आग लगने से करीब चार लाख रुपये के मोबाइल, चार्जर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर जाकर आग बुझाई।
गीतानगरी कॉलोनी निवासी अमित कुमार की बाबा प्लाजा मार्केट के पास दुकान है। मंगलवार रात दुकान बंद होने के बाद करीब साढ़े नौ बजे बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से सामान में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। धुआं निकलते देख व्यापारियों ने अमित व फायर ब्रिगेड को आग के बारे में बताया। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बड़ी मशक्कत के बाद बुझाई। इस दौरान काफी देर तक मौके पर अफरातफरी का आलम रहा।